_ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा विभाग का निर्णय, आदेश जारी करने के निर्देश
भोपाल। मध्यप्रदेश के अतिथि शिक्षकों के हित में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों को सत्र के दौरान कुल 10 आकस्मिक अवकाश (Casual Leave-CL) प्रदान करने का फैसला किया है। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक उदय प्रताप सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है।
साझा की गई जानकारी के अनुसार, अतिथि शिक्षक कार्यभार ग्रहण करते ही 1 दिन की आकस्मिक अवकाश (CL) के पात्र होंगे। इसके बाद प्रत्येक 30 दिन का कार्य पूरा होने पर 1 अतिरिक्त CL अर्जित होगी। इस व्यवस्था के तहत पूरे शैक्षणिक सत्र में अधिकतम 10 CL का लाभ मिलेगा।
सरकार ने यह भी तय किया है कि अतिथि शिक्षक एक बार में अधिकतम 3 आकस्मिक अवकाश ही ले सकेंगे, जिससे विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो और शिक्षकों को आवश्यक परिस्थितियों में अवकाश की सुविधा भी मिल सके।
स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि प्रदेश के शिक्षकों के हितों की रक्षा तथा उनके कार्य परिवेश को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस निर्णय के क्रियान्वयन के लिए विभाग को आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



