Dindori News : 15 जनवरी तक होगी कोदो-कुटकी की खरीदी, किसानों को मिलेगा 1000 रू. प्रति क्विंटल बोनस…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 15 जिलों में कोदो एवं कुटकी की खरीदी निर्धारित समर्थन मूल्य पर प्रारंभ कर दी गई है। यह खरीदी श्रीअन्न फेडरेशन के माध्यम से की जा रही है, जिसमें किसानों को अतिरिक्त रूप से 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जाएगा।

जबलपुर संभाग में योजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जबलपुर जिले के लिए एमपीडब्ल्यूएलसी कैंपस को अधिकृत खरीदी केंद्र बनाया गया है, जहां किसान अपनी उपज विक्रय कर सकते हैं। संभाग के विभिन्न जिलों में खरीदी केंद्रों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनसे किसान जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

संयुक्त संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि योजना के तहत कोदो का समर्थन मूल्य 2,500 रुपये प्रति क्विंटल तथा कुटकी का समर्थन मूल्य 3,500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त शासन द्वारा किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस अलग से प्रदान किया जाएगा। उपार्जन की अधिकतम सीमा 7 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तय की गई है।

जबलपुर जिले में अब तक 315 किसानों ने योजना के अंतर्गत पंजीयन कराया है। वहीं पूरे जबलपुर संभाग में कुल 13,512 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनमें मंडला जिले के 6,494, डिंडौरी के 5,068, कटनी के 3,110, सिवनी के 288 डिंडौरी बालाघाट के 790 किसान शामिल हैं।

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने जबलपुर संभाग के सभी पंजीकृत किसानों से अपील की है कि वे 15 जनवरी 2026 की अंतिम तिथि से पूर्व अपनी उपज निर्धारित खरीदी केंद्रों पर लेकर पहुंचें। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी या सहायता के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि अधिकारी अथवा संबंधित केंद्र प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *