Dindori News : “संकल्प से समाधान अभियान” को लेकर जिला पंचायत का आदेश जारी, 12 जनवरी से 31 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ जिले के पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से “संकल्प से समाधान अभियान” का शुभारंभ कर दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 12 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक चार चरणों में संचालित किया जाएगा।

इस संबंध में कार्यालय जिला पंचायत डिण्डौरी द्वारा विस्तृत आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार अभियान के प्रभावी एवं सफल संचालन हेतु ब्लॉक स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

ग्राम स्तर पर होगा आवेदन संकलन

अभियान के प्रथम चरण में 12 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक ग्राम स्तर पर आवेदनों की प्राप्ति की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सचिव अथवा ग्राम रोजगार सहायक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इनके नेतृत्व में गठित पंचायत स्तरीय टीम में पटवारी, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, हेल्थ वर्कर, आरपीईओ सहित अन्य संबंधित विभागीय कर्मचारी शामिल रहेंगे। यह टीम घर-घर जाकर शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें एकत्रित करेगी।

पोर्टल पर होगी प्रविष्टि, विभागवार निराकरण

ग्राम पंचायत स्तर पर प्राप्त सभी आवेदनों को नोडल अधिकारी द्वारा अपने लॉगिन से निर्धारित पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इसके पश्चात विभागवार आवेदनों को पृथक-पृथक कर संबंधित विभाग के क्लस्टर अथवा खंड स्तरीय अधिकारियों के पास निराकरण हेतु प्रस्तुत किया जाएगा। परिशिष्ट ‘अ’ में उल्लिखित योजनाओं से इतर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के लिए पृथक रजिस्टर संधारित कर उनका भी नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

क्लस्टर स्तर पर शिविरों का आयोजन

आवेदनों के संकलन, पोर्टल एंट्री, निराकरण की प्रगति तथा स्वीकृत/अस्वीकृत की स्थिति अपडेट करने के लिए क्लस्टर लेवल नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। क्लस्टर स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों का तिथिवार कैलेंडर परिशिष्ट-1 में संलग्न किया गया है। शिविर की निर्धारित तिथि से पूर्व प्रथम चरण में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण किया जाएगा तथा शिविर के दिन मुख्य अतिथि की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।

प्रशासन की मंशा – घर तक पहुंचे शासन की योजनाएं

प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना, लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के लाभ दिलाना है। “संकल्प से समाधान अभियान” से जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *