डिंडौरी। शहपुरा जनपद की ग्राम पंचायत कंचनपुर में पिछले दो महीनों से पानी की सप्लाई बंद रहने के कारण ग्रामीणों का सब्र अब टूट गया है। शुक्रवार को महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पंचायत भवन में ताला जड़ दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए जूझना पड़ा।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि नल-जल योजना महीनों से ठप है, वहीं गाँव के अधिकांश हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। स्थिति यह है कि महिलाओं को रोजाना कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत और संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई नहीं की। त्योहारों के दौरान भी पानी की आपूर्ति न होने से गाँव में हाहाकार मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय कर्मचारी मौके पर पहुँचे, लेकिन ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की है।





