डिंडौरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी में जन विश्वास अभियान शिविर आयोजित किया गया। शिविर के जरिए शासन-प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचा और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निराकरण किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य सेवाएं और योजनाओं के हितलाभ भी उपलब्ध कराए गए। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ एवं पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शासन की पहुंच मजबूत करने के साथ ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत करना है।
373 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 373 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एनीमिया, सिकल सेल सहित विभिन्न रक्त जांच, खखार जांच, एक्स-रे, एएनसी और नेत्र परीक्षण की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। 85 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 76 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की गई।
— आश्रम पहुंचीं कलेक्टर, बच्चों को पहनाए जूते-मोजे
शिविर के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम, गौरा कन्हारी का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बच्चों की आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं उन्हें जूते और मोजे पहनाए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर के आत्मीय व्यवहार से बच्चे उत्साहित नजर आए।
— जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
