Dindori News : कलेक्टर सख्त! 100 दिन से लंबित शिकायतों पर नाराजगी, सड़क मरम्मत और योजनाओं पर बड़े निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
6 Min Read

— 50 से 100 दिन से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश, आगामी वर्षा से पहले सड़क निर्माण और मरम्मत की तैयारी पूरी करने को कहा

डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में देरी पर नाराजगी

कलेक्टर ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए 50 से 100 दिवस से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर उसकी संतुष्टि के साथ समस्या का समाधान किया जाए। आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में लंबित मामलों का निराकरण कर अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं।

कोदो-कुटकी पंजीयन और ई-केवाईसी पर जोर

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। खरीफ विपणन वर्ष 2026 के अंतर्गत कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन तथा ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कराने को कहा। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के हितग्राहियों की ई-केवाईसी तथा किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

बैठक में भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बच्चों की जांच सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराएं

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी मरीजों, सिकल सेल जांच और आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने बच्चों के परीक्षण के लिए आवश्यक टेस्टिंग सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जांच संबंधी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी समीक्षा

कलेक्टर ने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत परियोजनावार एवं समितिवार प्राप्त प्रपत्रों की समीक्षा की। इसके साथ ही वनग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने संबंधी कार्यों की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

युवाओं को हर महीने मिल सकता है 10 हजार रुपये तक स्टाइपेंड

बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि योजना के तहत 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड देने का प्रावधान है। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार रुपये, आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को 8,500 रुपये, डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को 9 हजार रुपये तथा स्नातक या उच्च शिक्षा उत्तीर्ण युवाओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाता है। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने और उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

आगामी वर्षा से पहले सड़कों की मरम्मत और निर्माण की तैयारी

कलेक्टर ने निर्माण विभागों के अधिकारियों को वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्यों वाले मार्गों का प्राथमिकता के आधार पर चयन करने, सर्वेक्षण और प्राक्कलन तैयार करने तथा स्वीकृति के लिए प्रस्ताव समय पर भेजने को कहा। निर्देश दिए गए कि सभी प्रक्रियाएं समय रहते पूरी हों, जिससे आगामी वर्षा ऋतु से पहले प्रस्तावित कार्य पूरे किए जा सकें।

प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में उपलब्धि पर अधिकारियों को बधाई

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत जिले को पुरस्कृत किए जाने पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और मेहनत का परिणाम है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता से डिंडौरी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डीएफओ अशोक सोलंकी, शहपुरा एसडीएम फरहान इरफान जामदार, डिंडौरी एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *