डिंडौरी। जनजातीय कार्य विभाग में सभी कर्मचारियों और शिक्षकों की उपस्थिति ई-HRMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करने के आदेश तो तीन महीने पहले जारी किए जा चुके थे, लेकिन विभागीय स्तर पर लापरवाही के चलते आज तक बड़ी संख्या में कर्मचारियों और शिक्षकों की प्रोफाइल अपूर्ण है। सितंबर 2025 में आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल द्वारा सभी अधिकारियों को शत-प्रतिशत प्रोफाइल अपडेट कर ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन चार महीने बाद भी स्थिति में किसी प्रकार का सुधार दिखाई नहीं दिया।
इसी के चलते आयुक्त ने 04 नवंबर 2025 को दोबारा आदेश जारी कर सभी डीडीओ को कठोर निर्देश दिए, जिसमें कहा गया है कि दिसंबर माह में 100 प्रतिशत उपस्थिति और प्रोफाइल अपडेशन नहीं मिलने पर संबंधित डीडीओ के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही होगी। इसके साथ ही लापरवाही पाए जाने पर कर्मचारियों तथा शिक्षकों पर दंड संहिता के तहत कार्रवाई करने की भी स्पष्ट चेतावनी दी गई है।
— करंजिया सहित सभी विकासखंडों में आदेश
आदेश के बाद कलेक्टर डिंडौरी और सहायक आयुक्त द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के बाद करंजिया सहित सभी विकासखंडों में कार्रवाई तेज कर दी गई है। 8 दिसंबर 2025 को जारी निर्देश में विकासखंड शिक्षा अधिकारी करंजिया ने अपूर्ण प्रोफाइल वाले कर्मचारियों को 10 दिसंबर तक सभी दस्तावेज सहित कार्यालय में उपस्थित होकर प्रोफाइल अपडेट कराने के आदेश दिए हैं। चेतावनी में कहा गया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्रोफाइल लॉक अथवा अप्रूव नहीं की जा सकेगी और कर्मचारी स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा प्राचार्यों को भी निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति और प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराई जाए।




