Dindori News 02 दिन में हटेगा अतिक्रमण ! बाजार व्यवस्थित करने के कड़े निर्देश, कलेक्टर ने नर्मदा घाट पर चलाया सफाई अभियान….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी। जिले में स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने रविवार को “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत नर्मदा घाट पहुंचकर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और नगर पालिका अमले के साथ घाटों की साफ-सफाई कर आमजन को स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया।

 

 

सफाई अभियान के दौरान कलेक्टर ने घाट किनारे फुटपाथ पर रखी पूजा सामग्री, पान मसाला, गुटखा व अन्य सामान को हटवाया और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी। साथ ही एसडीएम को घाट क्षेत्र से नशीले पदार्थों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। आम नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि नहाते समय साबुन का उपयोग न करें, ताकि मां नर्मदा का जल स्वच्छ बना रहे।

 

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नर्मदा नदी में मिलने वाले नालों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सीवर लाइन के माध्यम से गंदे पानी को ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे नदी को प्रदूषण मुक्त रखा जा सके। कलेक्टर ने शंकर घाट नाले के किनारे हुए अतिक्रमण को दो दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए।

 

 

इसके बाद कलेक्टर ने नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर बस स्टैंड, सब्जी मंडी और गल्ला गोदाम क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बस स्टैंड को व्यवस्थित करने, नालों के किनारे से अतिक्रमण हटाने और सड़क किनारे संचालित सब्जी व मांस दुकानों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

 

 

गल्ला गोदाम क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कलेक्टर ने एक सप्ताह के भीतर चौपाटी को मैदान में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान नर्मदा सफाई अभियान में सक्रिय दिव्यांग शिक्षक शहीद खान सहित अन्य सेवादारों के कार्यों की सराहना की गई। कलेक्टर ने कहा कि जनसहभागिता से ही नर्मदा की स्वच्छता और अविरलता सुनिश्चित की जा सकती है।

 

 

कलेक्टर ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि दुकानदारों को पूर्व सूचना देकर बिजली, स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो। साथ ही प्रत्येक वार्ड में सामूहिक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम रामबाबू देवांगन, सीएमओ अमित तिवारी, जिला समन्वयक धर्मेंद्र चौहान, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *