Dindori Latest News : 40 लाख रुपये का हिसाब! गणेशपुर पंचायत के सरपंच-सचिव को नोटिस, अब सुनवाई में देना होगा जवाब…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

— 5 नवंबर को दोपहर 3 बजे होगी सुनवाई, संबंधितों को जवाब के साथ उपस्थित रहने के निर्देश

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले की ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों की अनियमितताओं को लेकर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। जनपद पंचायत डिंडौरी की ग्राम पंचायत गणेशपुर में पंचायत भवन निर्माण से जुड़े मामले में सरपंच अमर सिंह पट्टा, तत्कालीन सचिव कन्हैयालाल यादव और प्रभारी सचिव भगवत यादव को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया गया है। मामले में 5 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे सुनवाई निर्धारित की गई है।

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विहित प्राधिकारी (पंचायत), जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा जारी सूचना पत्र के अनुसार, संबंधितों के विरुद्ध धारा 89 के अंतर्गत पंजीकृत प्रकरण क्रमांक 437/2026 में सुनवाई की जाएगी। सरपंच और दोनों सचिवों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अपना जवाब प्रस्तुत करने के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सूचना पत्र के साथ संबंधित आरोपों की सत्यापित प्रति भी संलग्न की गई है।

पंचायत भवन निर्माण में 40 लाख रुपये के आहरण का मामला

 

दरअसल, कुछ समय पूर्व ग्राम गणेशपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से संबंधित राशि के आहरण का मामला सामने आया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत भवन निर्माण से संबंधित 40 लाख रुपये की राशि के आहरण को लेकर मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया था।

 

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मामले में संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रभारी सचिव भगवत प्रसाद यादव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने तथा सरपंच अमर सिंह पट्टा से संबंधित राशि की वसूली करने के साथ उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

 

5 नवंबर को सुनवाई, संबंधितों से मांगा जवाब

 

अब इस मामले में धारा 89 के तहत सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित सरपंच एवं सचिवों को निर्धारित तिथि पर अपना पक्ष रखने और जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत जवाब और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पंचायत भवन निर्माण से जुड़े इस मामले में अब 5 नवंबर को होने वाली सुनवाई और प्रशासन के अगले कदम पर नजर रहेगी।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *