Dindori Breaking News : प्रेस लिखी लग्जरी कार से शराब तस्करी! 100 लीटर शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार…..

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

बायपास पर रात 1 बजे कोतवाली पुलिस ने की घेराबंदी, कार सहित शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

डिंडौरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार रात बायपास पर एक लग्जरी कार से 100 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कार पर ‘प्रेस’ लिखवाकर उसकी आड़ में शराब का परिवहन किया जा रहा था। शराब शहडोल से डिंडौरी जिले के सक्का गांव ले जाई जा रही थी। पुलिस ने कार सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन और शराब जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रात 1 बजे बायपास पर घेराबंदी, तलाशी में मिली शराब

सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि पुलिस को कार क्रमांक MP 18 ZF 3825 से अवैध शराब लाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर बायपास पर घेराबंदी की गई। रविवार रात करीब 1 बजे संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 100 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और कार को जब्त करते हुए उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया।

शहडोल के दो और सक्का का एक आरोपी गिरफ्तार

 

पुलिस ने इस मामले में सोहागपुर, जिला शहडोल निवासी नूतेंद्र धारिया और कुमार सानू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। वहीं, डिंडौरी जिले के सक्का निवासी भूपत दास टांडिया को भी पकड़ा गया है। पूछताछ में सामने आया कि शराब शहडोल से सक्का गांव ले जाई जा रही थी। पुलिस अब शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

 

अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई में एएसआई केश लाल, प्रधान आरक्षक देवेंद्र पटले और श्याम तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *