Dindori Latest News : डिंडौरी के 19 सेवानिवृत्त कोटवारों को बड़ी सौगात, हर एक को मिलेंगे एक लाख रुपये…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

—सेवा के बाद आर्थिक संबल देने की पहल, कुल 19 लाख रुपये स्वीकृत; बैंक खातों में ई-पेमेंट से अंतरित होगी राशि

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के निर्देशानुसार डिंडौरी तहसील के 19 सेवानिवृत्त ग्रामीण कोटवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए कुल 19 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। इसके तहत प्रत्येक पात्र कोटवार को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामबाबू देवांगन के निर्देशन में तहसीलदार डिंडौरी शशांक शेण्डे द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया। शासन के 5 अक्टूबर 2023 के आदेश के परिपालन में स्वीकृत सहायता राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में ई-पेमेंट के माध्यम से अंतरित की जा रही है।

इस योजना से लाभान्वित होने वाले सेवानिवृत्त कोटवारों में मिहीलाल, दिमाकु दास, अमीरकली, बोधन दास, जगतदास, इंद्रा बाई, चमरूदास, रमेश कुमार मार्को, अशोक दास, अमरदास, अनुराग दास, रामभगत मार्को, रामबाई, फुलमत बाई, अंगद दास, नथुलाल, धनीराम, समारू एवं केशु प्रसाद शामिल हैं।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ग्रामीण कोटवार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे अपने सेवाकाल के दौरान ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल उनके योगदान के प्रति सम्मान और प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है। इस सहायता से सेवानिवृत्त कोटवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *