डिंडौरी। जिले के शहपुरा थाना अंतर्गत बरगांव मोड़ के पास शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे एक मालवाहक वाहन और बोलेरो में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालवाहक गाड़ी जबलपुर की ओर से डिंडौरी की दिशा में आ रही थी, वहीं बोलेरो वाहन डिंडौरी से जबलपुर की ओर जा रही थी, इसी दौरान बरगांव के पास मोड़ पर दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।
हादसे में मालवाहक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बोलेरो सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। टक्कर के बाद दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।





