Dindori Breking News : ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, जिला अस्पताल डिंडौरी की स्टोर इंचार्ज और नर्सिंग स्टाफ सस्पेंड…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जिला अस्पताल डिंडौरी से जबलपुर रेफर किए गए मरीज की रास्ते में ऑक्सीजन खत्म होने से हुई मौत के मामले में कलेक्टर डिंडौरी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जिला चिकित्सालय की स्टोर इंचार्ज श्रीमती विमला द्विवेदी और नर्सिंग स्टाफ श्रीमती जयमती नंदेहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश क्रमांक स्थापना/2026/109 एवं 110 के अनुसार, दोनों कर्मचारियों पर अपने पदस्थ दायित्वों के प्रति उदासीनता और घोर लापरवाही बरतने का आरोप है। यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के अंतर्गत कदाचरण की श्रेणी में माना गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, बजाग नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

ये रहा पूरा मामला

दरअसल यह कार्रवाई रविंद्र कुमार मरावी (उम्र लगभग 50 वर्ष) की मौत के बाद की गई है। जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी 2026 की शाम मरीज को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर 5 फरवरी की सुबह ड्यूटी डॉक्टर के निर्देश पर मरीज को जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रेफर के दौरान भेजी गई जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस में ऑक्सीजन व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई।

परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में मौजूद एक ऑक्सीजन सिलेंडर पूरी तरह खाली था और दूसरा आधा भरा हुआ, जिसकी जानकारी न तो मरीज को दी गई और न ही परिजनों को। रास्ते में कुंडम क्षेत्र के पास ऑक्सीजन समाप्त हो जाने से मरीज की हालत और बिगड़ गई और दोपहर करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई।

मृत्यु की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने ड्यूटी डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डिंडौरी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने प्रशासनिक जांच के आधार पर यह निलंबन आदेश जारी किए हैं। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा भोपाल, संभागायुक्त जबलपुर, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं जबलपुर सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच के आधार पर की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर और भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है। परिजनों ने मृतक परिवार को न्याय और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर दंड की मांग की है।

नोट: प्रशासनिक जांच एवं आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *