— मुरलापानी पहाड़ पर क्या हुआ था? दो दिन बाद सामने आई दर्दनाक सच्चाई
डिंडौरी। जिले के विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक और 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने लगभग 180 फीट ऊंची पहाड़ी से कूदकर अपनी जान दे दी। दो दिन बाद पहाड़ के नीचे दोनों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार घटना छीरपानी और कछरा टोला के बीच स्थित मुरलापानी पहाड़ की बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक पहाड़ के नीचे दो शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मामले की जानकारी विक्रमपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर विक्रमपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल डिंडौरी भेज दिया है।
मृत युवक की पहचान राजेंद्र परस्ते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। वहीं मृत युवती 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा थी, जो कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के अनुसार छात्रा रविवार दोपहर अपने घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी थी। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और दोनों के गांव भी पास-पास स्थित हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और संभवतः इसी के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
दोनों के शव घटना के लगभग दो दिन बाद पहाड़ के नीचे मिलने से अंदेशा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पहाड़ी की ऊंचाई से छलांग लगाई होगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
(मामले की जांच जारी है, आगे जानकारी मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी)




