— गाड़ासरई थाना क्षेत्र का मामला
— टक्कर के बाद पलटी कार, चालक की पिटाई
डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई में बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे राहगीरों और एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उस पर शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर फिल्मी अंदाज़ में सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
(आगे की जानकारी मिलते ही समाचार अपडेट किया जाएगा।)




