Dindori Breaking : कानून फेल या संरक्षण.? शराब माफिया बेखौफ! नाबालिग बालिकाओं के वीडियो पर भड़की महिला कांग्रेस… 

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री एवं नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराए जाने के मामलों को लेकर महिला कांग्रेस ने डिंडौरी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव संतोषी रामजी साहू के नेतृत्व में महिला कांग्रेस व कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार डिंडौरी को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश महासचिव संतोषी रामजी साहू ने आरोप लगाया कि डिंडौरी जिला मुख्यालय सहित प्रतिबंधित क्षेत्रों में शराब की खुलेआम अवैध बिक्री और सप्लाई की जा रही है, जो मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आबकारी विभाग की निष्क्रियता के चलते अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने नाबालिग बालिकाओं द्वारा शराब सेवन से जुड़े सामने आए वीडियो और समाचारों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं को शराब उपलब्ध कराया जाना बेहद गंभीर अपराध है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए भी घातक है।

महिला कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से प्रतिबंधित क्षेत्रों में हो रही शराब बिक्री की उच्चस्तरीय जांच कराने, नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने, दोषियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान गुलवसिया बाई, सीता बाई, प्रीति, ऊषा बाई, पार्षद ज्योति भलावी, पूर्व पार्षद सैफी खान, पंकज यादव, रामजी साहू, एनएसयूआई अध्यक्ष शुभम मरावी, सुरेन्द्र सरैया, राजू सिंह, अशोक कुमार, उमेश भैया, अजय चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *