Dindori Breaking News : नेशनल हाइवे पर दिल दहला देने वाला हादसा — 100 मीटर तक घिसटती रही बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाइवे पर कोतवाली थाना क्षेत्र के कूड़ा गांव के पास गुरुवार देर रात लगभग 11 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ़्तार से आ रही पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को इतनी भीषण टक्कर मारी कि बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई और करीब सौ मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घर्षण से उठी चिंगारी के कारण बाइक में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में वह राख में तब्दील हो गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को दोनों युवकों की मौके पर ही मृत्यु की पुष्टि करनी पड़ी। टीम ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय भिजवाया। मृतकों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के छिंद गांव निवासी महेंद्र विश्वकर्मा और विपिन विश्वकर्मा के रूप में की गई है। दोनों रिश्ते में मामा-बुआ के लड़के बताए जा रहे हैं। मृतकों के पिता विष्णु कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि दोनों युवक बाइक क्रमांक MP 52 ME 2005 से गाड़ासरई में अपने मामा के लड़के दुर्गेश कुमार विश्वकर्मा की शादी का निमंत्रण पत्र बांटकर वापस लौट रहे थे। दुर्गेश की शादी 30 नवंबर को होना तय है। परिवार में खुशी का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक की तलाश तेज कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाइवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियमित कर दिया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह वाहन की अधिक रफ़्तार बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल उपाय, चेतावनी संकेतक और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, क्योंकि इस क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *