डिंडौरी/शहपुरा। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पंकज सिंह तेकाम का शहपुरा में प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए शहीद स्मारक चौक पर पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भाजपा मंडल शहपुरा अध्यक्ष भजन चक्रवर्ती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयघोषों के साथ प्रदेशाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। नगर का पूरा वातावरण भगवा रंग में सराबोर हो गया। मंच पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष ज्ञानदीप त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता विष्णु अवधिया, मंडल अध्यक्ष भजन चक्रवर्ती, महामंत्री नितिन गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन का हर कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है, और सामूहिक प्रयासों से भाजपा का परचम जनजातीय अंचलों में और ऊँचा लहराएगा।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।





