Dindori Accident News : दशगात्र में जा रहे ग्रामीणों से भरा मालवाहक पलटा, दो दर्जन से अधिक लोग घायल….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेंहदवानी मार्ग पर चरगांव के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार दो दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को लगभग 3:30 बजे मगरटगर क्षेत्र के पिपरहा गांव से ग्रामीण एक मालवाहक वाहन में सवार होकर धनगांव दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन शहपुरा थाना क्षेत्र के मेंहदवानी मार्ग पर चरगांव के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण वाहन चालक का नियंत्रण टूट गया और मालवाहक वाहन बीच सड़क में पलट गया।

हादसे में महिला, पुरुष और बच्चे सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों के माध्यम से शहपुरा और जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात को सुचारु कराया।फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

(नोट:— मामले से जुड़ी और जानकारी मिलते ही खबर अपडेट की जाएगी।)

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *