— शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बडझर गांव का मामला
डिंडौरी। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बडझर गांव के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ। कार के अनियंत्रित होते ही वह सीधे पेड़ से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मृत बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।




