— अज्ञात आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
डिंडौरी। जिले के अमरपुर चौकी क्षेत्र में देर रात मवेशियों की अवैध तस्करी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से 13 मवेशियों से भरा एक आईसर ट्रक पकड़ लिया गया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात अमरपुर क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों को एक संदिग्ध ट्रक गुजरता हुआ दिखाई दिया। ट्रक में मवेशियों को बेहद क्रूर और अमानवीय तरीके से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। इस पर शक होने पर ग्रामीणों ने तुरंत अमरपुर चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें करीब 13 मवेशियों को बेहद संकरे स्थान में क्रूरता के साथ भरा हुआ पाया गया। कई मवेशियों की हालत भी खराब बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और अन्य संबंधित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और मवेशियों की अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई की सराहना की है।




