मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रयपुरा के पास मंडला रोड पर शनिवार शाम लगभग 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मुड़की निवासी हेमंत पुशाम उम्र 24 कबड्डी खेलने भैंसवाही गया था और लौटते समय उसकी बाइक की टक्कर डिंडौरी से लौट रहे ओमप्रकाश, निवासी कापा थाना मेहंदवानी से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा घातक साबित हुआ। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




