डिंडौरी। नगर परिषद डिंडौरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत एएचपी घटक में स्वीकृत आवास निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संविदाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नगर परिषद कार्यालय के अनुसार, कार्यादेश क्रमांक 66, दिनांक 09 जनवरी 2017 के तहत कुल 348 आवास बनना थे, जिनमें से अब तक केवल 150 आवासों का निर्माण पूर्ण हुआ है। इनमें से 128 आवास वितरण भी किए जा चुके हैं, जबकि 198 आवास अधूरे हैं। लगभग 8 वर्ष बीत जाने के बावजूद केवल 60 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो पाया है, जिससे जिले की समीक्षा बैठकों में छवि प्रभावित हो रही है और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी अप्रसन्नता जताई है।
कार्यालय ने यह स्थिति अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन और संविदाकार की लापरवाही बताते हुए कहा है कि निर्धारित समय में कार्य न पूरा होना गंभीर अनियमितता की श्रेणी में आता है। नगर परिषद ने संविदाकार को 01 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे अपने स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया है। यदि समय पर स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो अनुबंध के तहत कार्य के देयक मूल्य से 10 प्रतिशत कटौती और आवश्यक होने पर ब्लैकलिस्टिंग की जाएगी।
