— जिला शिक्षा केन्द्र पर औचक निरीक्षण, कई अधिकारी नदारद; 7 दिन में मांगा जवाब
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले के शासकीय कार्यालयों में अनुशासन और समयपालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार सुबह अपर कलेक्टर जे. पी. यादव ने जिला शिक्षा केन्द्र, डिंडौरी का औचक निरीक्षण किया।
सुबह 10:38 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान कार्यालय में केवल एस.के. मिश्रा (एकाउंटेंट) और किशन बड़कड़े (भृत्य) ही उपस्थित मिले। जबकि मावन कुमार गंगभिए (लेखा अधिकारी), श्रीमती प्रमिला मिश्रा एपीसी (E&R), अमित गोलिया एपीसी (A), वी.के. मिश्रा (एई), अनुराग पटेल (प्रोग्रामर), डी.के. पटेल (एकाउंटेंट), सुखनंद ठाकुर प्रभारी एपीसी (IED) तथा शैलेश कुमार जैन (माध्यमिक शिक्षक) निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए।
बिना अनुमति अनुपस्थित रहने को पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया है। इस संबंध में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 तथा संविदा सेवा शर्तों के तहत सभी अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जारी नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी नोटिस प्राप्ति के 7 दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करें, अन्यथा नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन, समयपालन और जवाबदेही सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे आमजन को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं मिल सकें।




