— मैहर में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस
मैहर/सतना। जिला शिक्षा अधिकारी सतना/मैहर द्वारा शासकीय हाईस्कूल बराखुर्द के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई जांच अधिकारी, प्राचार्य शासकीय उमावि सांदीपनी रामनगर की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। नोटिस में अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति, परीक्षा परिणामों की प्रस्तुति तथा प्रशासनिक निर्णयों में नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं।
— जारी पत्र के मुताबिक
दरअसल जांच प्रतिवेदन के अनुसार श्रीमती रेनू त्रिपाठी का विषयवार परीक्षा परिणाम 48 प्रतिशत पाया गया, जबकि प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत जानकारी में 16 प्रतिशत दर्शाया गया। विभाग ने इसे तथ्यात्मक त्रुटि मानते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
इसी प्रकार, जांच में यह भी उल्लेख है कि अभिषेक वर्मा एवं बैजनाथ साकेत को आमंत्रित नहीं किए जाने की जानकारी दी गई थी, जबकि उनके परीक्षा परिणाम क्रमशः 20.8 प्रतिशत एवं 16.6 प्रतिशत थे। विभागीय नियमों के अनुसार हाईस्कूल स्तर पर 30 प्रतिशत से कम परिणाम होने की स्थिति में री-ज्वाइनिंग नहीं की जानी चाहिए, इसके बावजूद दोनों को पुनः जॉइनिंग दी गई, जिसे नियमों के विपरीत बताया गया है।
जांच रिपोर्ट में रेनू त्रिपाठी के कार्य व्यवहार को लेकर लगाए गए आरोप भी प्रमाणित नहीं पाए गए। इसके आधार पर उन्हें पद से हटाने संबंधी पूर्व निर्देशों को निरस्त करते हुए संबंधित को पुनः कार्य पर उपस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि प्राचार्य द्वारा दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती गई और नियमों की अनदेखी की गई, जो कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई योग्य है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में प्रस्तावित अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की प्रतिलिपि कलेक्टर मैहर, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी मैहर को भी भेजी गई है।
सोर्स : जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सतना/मैहर।
