— 4 मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख मुआवजा—CM के निर्देश, जांच के आदेश
मध्यप्रदेश के जबलपुर बरगी डेम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब यात्रियों से भरा एक क्रूज अचानक पलट गया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष यात्रियों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री सिंह ने बताया कि क्रूज में कुल 29 यात्री सवार थे। हादसे के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया, जिसके तहत 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। 4 मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मंत्री राकेश सिंह ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
घटनास्थल पर सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह तथा जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया भी मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की। प्रशासन द्वारा लगातार बचाव अभियान जारी है और लापता यात्रियों को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। देखें यात्रियों की सूची….



