— 3 दिन में जवाब नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई! आंगनवाड़ी लापरवाही पर विभाग सख्त
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा परियोजना अंतर्गत ग्राम पंचायत देवगांव के पोषक ग्राम डोमदादर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र की गंभीर लापरवाही सामने आई है। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग हरकत में आया और जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र डोमदादर में बच्चों को दिया जाने वाला गरम पका भोजन (HCM) सामुदायिक स्वच्छता परिसर (शौचालय) में तैयार किया जा रहा था। यह मामला सामने आने के बाद परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास शहपुरा ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुभद्रा को नोटिस जारी कर 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि इस संबंध में न तो सेक्टर पर्यवेक्षक को सूचना दी गई और न ही परियोजना कार्यालय को अवगत कराया गया, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।
इसी मामले में परिक्षेत्र मानिकपुर की पर्यवेक्षक लक्ष्मी शिव को भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने माना है कि पर्यवेक्षक द्वारा समय-समय पर आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण नहीं किया गया। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह 12 नियमित और 4 आकस्मिक निरीक्षण अनिवार्य हैं, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।
परियोजना अधिकारी ने दोनों जिम्मेदारों को 3 दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भी मामले की सूचना प्रेषित की गई है। इस घटना ने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में आगे क्या कड़ी कार्रवाई करता है।




