— ठाड़पाथर के पास तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर, एक ही गांव के चार युवकों की मौके पर मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
डिंडौरी/अनूपपुर। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के करंजिया क्षेत्र से अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत पौनी क्रेशर जा रहा एक ट्रैक्टर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में सवार सभी युवक गिट्टी लेने जा रहे थे। इसी दौरान ठाड़पाथर के पास तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर पर सवार युवक इंजन के नीचे दब गए और काफी देर तक तड़पते रहे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अंकुश उइके (24), ब्रजेश पेंदो (20), रविंद्र कुमार गोयल (18) और प्रकाश मार्को (17) के रूप में हुई है। सभी मृतक भीमकुंडी गांव, थाना करंजिया, जिला डिंडौरी के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक अंकुश उइके स्वयं वाहन का मालिक था और वह तेज गति से वाहन चला रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही करनपठार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा कर नीचे फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।एक ही गांव के चार युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी वीरेंद्र बरकड़े ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेनीबारी अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
