डिंडौरी । शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बांसा में घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज करने और नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। बालिका की मां ने पुलिस अधीक्षक डिंडौरी को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 28 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे महिला और उसकी नाबालिग पुत्री घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान दो नामजद व्यक्तियों सहित अन्य लोगों के जबरन घर में प्रवेश करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में आरोप है कि दोनों नामजद व्यक्तियों ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बालिका द्वारा विरोध कर शोर मचाने पर उसका मुंह दबाने का भी आरोप शिकायत में लगाया गया है। बालिका के विरोध और चिल्लाने के कारण कथित प्रयास विफल होने की बात आवेदन में कही गई है।
घटना के बाद बालिका के भयभीत होने तथा परिवार को आरोपियों से सुरक्षा का खतरा होने की बात भी शिकायत में कही गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में नाबालिग का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और नियमानुसार बयान दर्ज कराने, घटना से संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा आसपास CCTV या अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध होने पर उन्हें सुरक्षित कराने की मांग भी की गई है। साथ ही बालिका और उसके परिवार को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। वहीं पुलिस कार्रवाई का इंतजार शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
