डिंडौरी। जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव 2026-27 में अमरपुर विकासखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। विभिन्न वर्गों में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
जूनियर वर्ग में माध्यमिक शाला अलौनी की छात्रा राखी यादव और माध्यमिक शाला देवरी के छात्र विवेक नंदा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जिला स्तर पर मिली इस सफलता से दोनों विद्यार्थियों के विद्यालय, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राखी यादव और विवेक नंदा अब राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव प्रतियोगिता में अमरपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन पेंच, सिवनी में किया जाएगा। दोनों विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, लगन और बेहतर मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
वहीं सीनियर वर्ग में भी अमरपुर के विद्यार्थियों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। संदीपनि विद्यालय अमरपुर के सत्यम ठाकुर और आलिया परवीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिला स्तर पर अमरपुर के विद्यार्थियों द्वारा हासिल की गई सफलता ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बेहतर अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर विद्यार्थी राज्य एवं उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना सकते हैं।
