मध्यप्रदेश के डिंडौरी ने शहपुरा जनपद पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत जॉबकार्ड श्रमिकों का e-KYC कार्य समय पर पूर्ण नहीं करने पर जनपद पंचायत शहपुरा ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शहपुरा द्वारा जारी आदेश में 11 ग्राम रोजगार सहायकों के एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, श्रमिकों का e-KYC नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS) के माध्यम से शत-प्रतिशत कराने के निर्देश पूर्व में कई बार दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई गई। बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में समीक्षा बैठक, दूरभाष और व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से भी निर्देश दिए गए थे।
कार्यालय द्वारा जारी कारण बताओ नोटिसों का जवाब प्रस्तुत नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने पर यह कार्रवाई की गई। आदेश में कहा गया है कि संबंधित पंचायतों में e-KYC का प्रतिशत कम होने से जनपद एवं जिले की प्रगति प्रभावित हुई है।
जिन ग्राम रोजगार सहायकों पर कार्रवाई की गई है, उनमें पलकी, रतनगांव, बांकी, कठौती माल, मरवारी, संग्रामपुर माल, कंकनपुर माल, कस्तूरी पिपरिया, निधानी, पिपरिया माल और बरगांव पंचायतों के कर्मचारी शामिल हैं। सभी के मई 2026 के वेतन से एक दिन की कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर संविदा सेवा समाप्ति के लिए वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
।



