— मई, जून और जुलाई में पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन वितरण दर्शाया, हितग्राहियों को नहीं मिला खाद्यान्न…
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में साप्ताहिक जनसुनवाई में महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित तामन्नारा द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पिछले तीन माह से हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बांधवगढ़ सुजीत परस्ते ने समिति द्वारा संचालित कोहका-47, माली और धवईझर शासकीय उचित मूल्य दुकानों की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान मई, जून और जुलाई 2026 में राशन वितरण में गंभीर अनियमितता सामने आई।
जांच में पाया गया कि पीओएस मशीन में हितग्राहियों के अंगूठे लगवाकर गेहूं, चावल और नमक का वितरण दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में संबंधित हितग्राहियों को खाद्यान्न सामग्री प्राप्त नहीं हुई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बांधवगढ़ ने महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित तामन्नारा द्वारा संचालित तीनों उचित मूल्य दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित दुकानों में कोहका-47 (दुकान कोड 4501040), माली (4501045) और धवईझर (4501110) शामिल हैं। आगामी आदेश तक कोहका-47 दुकान को समीपस्थ बी-पैक्स आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित डोंगरगवां तथा माली और धवईझर दुकानों को बी-पैक्स आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बड़खेरा से संलग्न किया गया है। प्रशासन के अनुसार संबंधित विक्रेताओं और समिति प्रबंधक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। साथ ही प्रभावित हितग्राहियों को राशन सामग्री का नियमित वितरण सुनिश्चित कराने की व्यवस्था की जा रही है।
