BIG ACTION : MP में ड्रग्स माफियाओं की खैर नहीं ! 1 अप्रैल से पुलिस का बड़ा एक्शन…टेक्नोलॉजी से माफिया ट्रैक करेगी पुलिस….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

अब नहीं बचेंगे ड्रग्स सप्लायर! MP पुलिस का राज्यव्यापी अभियान शुरू

 

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री के विजन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ने की तैयारी कर ली है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रदेशभर के सभी जोनल एडीजी/आईजी, पुलिस कमिश्नर, डीआईजी और एसपी के साथ समीक्षा बैठक कर 1 अप्रैल 2026 से राज्यव्यापी ड्रग्स उन्मूलन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

 

 

बैठक में DGP ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सिर्फ छोटे अपराधियों नहीं, बल्कि इसके स्रोत, सप्लाई चेन और सरगनाओं तक सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए NCORD के तहत बेहतर समन्वय, अंतर्राज्यीय सहयोग और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है। पुलिस को ऑनलाइन ड्रग्स सप्लाई पर नजर रखने, वीपीएन ट्रैकिंग और साइबर मॉनिटरिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि डिजिटल माध्यम से चल रहे नेटवर्क को भी ध्वस्त किया जा सके।

 

 

जिला स्तर पर हॉट-स्पॉट चिन्हित कर वहां विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मुखबिर तंत्र को मजबूत करने, स्कूल-कॉलेजों में जनजागरूकता बढ़ाने और NDPS मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी जिलों को 6 अप्रैल तक विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में प्राप्त सुझावों को अंतिम कार्ययोजना में शामिल करने पर भी बल दिया गया। मध्यप्रदेश पुलिस ने सख्त कार्रवाई, तकनीकी सशक्तिकरण और जनजागरूकता के माध्यम से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *