भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने वर्ष 2026-27 की निःशुल्क साइकिल प्रदाय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रदेशभर के शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
— जारी पत्र के मुताबिक
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पात्र छात्र-छात्राओं को 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से साइकिल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त लोक शिक्षण के हस्ताक्षर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि वितरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही वर्ष 2025-26 में जो पात्र विद्यार्थी साइकिल से वंचित रह गए थे, उन्हें भी इस वर्ष प्राप्त साइकिलों में से प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।
निर्देशों के अनुसार, संबंधित एजेंसियों से साइकिल प्राप्त होते ही उसकी पावती दर्ज कर तुरंत वितरण किया जाए। इसके अलावा, सभी विकासखंडों को यह भी निर्देशित किया गया है कि साइकिल वितरण के बाद उसकी जानकारी शिक्षा पोर्टल 3.0 पर तत्काल दर्ज करना अनिवार्य होगा, जिससे योजना की पारदर्शिता बनी रहे।
यह आदेश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्त्रोत समन्वयकों को भेजा गया है। साथ ही इसकी प्रतिलिपि विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों और जिला कलेक्टरों को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है। प्रदेश स्तर पर चल रही इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूल तक सुगम पहुंच उपलब्ध कराना है, ताकि शिक्षा के प्रति उनकी निरंतरता बनी रहे। देखें आदेश…

