Crime News : पुलिस की बड़ी कार्रवाई ! अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 9 आरोपी गिरफ्तार…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालाघाट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने नेटवर्क के मुख्य संचालक तक पहुंच बनाते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

मामले की शुरुआत थाना स्तर पर हुई कार्रवाई से हुई, जहां एक मोटरसाइकिल सवार के कब्जे से 21 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। इस दौरान एक स्थानीय आरोपी सहित उड़ीसा राज्य के दो आरोपियों को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में मामले के तार अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े होने के संकेत मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई।

 

 

जांच के दौरान SIT ने गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मोबाइल डेटा तथा बैंक खातों के लेन-देन की बारीकी से जांच की। इस प्रक्रिया में एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसमें “एपेक्स पर्पेट्रेटर” के रूप में एक मुख्य संचालक की भूमिका सामने आई, जो पूरे गिरोह का संचालन कर रहा था।

 

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के अलावा उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात में लगातार दबिश दी। लगभग 25 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

 

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 23.140 किलोग्राम अवैध गांजा, एक टाटा 407 पिकअप वाहन, दो मोटरसाइकिल और 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 12 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अभी भी जांच जारी है और आरोपियों के बैंक खातों व फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। बालाघाट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *