डिंडौरी। नगर परिषद डिंडौरी की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। वार्डवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा के आरोप लगाते हुए आज सुबखार के वार्ड क्रमांक-1 में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लंबे समय से बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर लोग परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आजादी के 78 साल बाद भी यदि बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़े और जाम लगाना पड़े, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। वार्ड नंबर-1 की जर्जर सड़क से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

विरोध कर रहे वार्डवासियों ने बताया कि वे कई बार नगर परिषद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर उन्हें मजबूरन चक्काजाम करना पड़ा।
वहीं इस मामले में डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने भी पहल की है। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को पत्र लिखकर वार्ड नंबर-1 से मुक्तिधाम तक सड़क एवं घाट निर्माण, रामदीन यादव के घर से नर्मदा नदी तक सड़क निर्माण और इमली कुटी से नर्मदा किनारे मुक्तिधाम तक सड़क बनाने की मांग उठाई है।

हालांकि, विधायक के पत्र के बावजूद अब तक इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ता जा रहा है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

“आगे की जानकारी मिलते ही इस खबर को अपडेट किया जाएगा।”
