Crime News : अंधी हत्या का खुलासा ! पति और बेटे ने मिलकर की महिला की हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया मामला….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

विश्वास टूटा, रिश्ते शर्मसार—मां की हत्या में पति और बेटा गिरफ्तार

 

मध्यप्रदेश के मण्डला जिले के थाना निवास क्षेत्र में हुई अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में मृतका के ही पति और पुत्र को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निवास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को ग्राम घुरनेर में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के अंदर मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रार्थी मुकेश पटेल निवासी ग्राम परतला थाना बरेला जिला जबलपुर की रिपोर्ट पर मृतका तुलसा बाई (45 वर्ष) का मर्ग कायम कर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

 

जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में गठित टीम ने एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य एकत्र किए। विवेचना में सामने आया कि मृतका और उसके पति के बीच पिछले 15-20 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। 15 अप्रैल की शाम पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। इसी दौरान पुत्र ने गुस्से में आकर अपनी मां को जमीन पर पटक दिया, जिसके बाद पति ने गला दबाकर और पास में रखे पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

 

 

घटना के बाद आरोपियों ने हाथ धोकर और कपड़े बदलकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सघन जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी चन्द्रिका प्रसाद उर्फ प्रकाश सिंगरौरे (50 वर्ष) एवं मनोहर प्रसाद सिंगरौरे (24 वर्ष) निवासी ग्राम घुरनेर थाना निवास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से खून से सने कपड़े एवं हत्या में प्रयुक्त पत्थर जब्त किया गया है। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल घासले, उपनिरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, हिमांशु चौहान एवं सउनि भुवन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *