Crime News : बैंक में दिनदहाड़े डकैती, 20 लाख नकद और करोड़ों के गहने लूटे — आरोपियों पर 50 हजार का इनाम घोषित….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में स्थित बैढ़न थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल 2026 को हुई सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। यह इनाम पुलिस महानिदेशक कार्यालय, भोपाल द्वारा जारी किया गया है।

जारी पत्र के मुताबिक 

पुलिस महानिदेशक कार्यालय, भोपाल द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि दोपहर करीब 12:50 बजे पांच अज्ञात सशस्त्र बदमाश बैंक में घुस आए। उनके पास पिस्टल और अन्य घातक हथियार थे। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को डराकर एक जगह बैठा दिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए।

 

इसके बाद आरोपियों ने स्ट्रॉन्ग रूम से लगभग 6 लाख रुपये और कैश काउंटर से करीब 14.20 लाख रुपये लूट लिए। इस तरह कुल 20.20 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ किया गया। इतना ही नहीं, ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के एवज में जमा किए गए करीब 5.50 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी बदमाश अपने साथ ले गए।

वहीं घटना के दौरान आरोपियों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट की और भागते समय फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस मामले में थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

 

बता दें कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश भोपाल ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपियों से संबंधित कोई भी जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस अधिकारियों को सूचित करें।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *