Sports News : डिंडौरी की बेटी चाँदनी नरेती ने कुश्ती में लहराया परचम, रजत व कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले की प्रतिभाशाली कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने खेलो मध्यप्रदेश यूथ गेम्स के अंतर्गत उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।

 

 

इस उपलब्धि पर सोमवार को डिंडौरी कलेक्टर ने चाँदनी नरेती को फूलमाला एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण के लिए खेल हॉल की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खाली भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि वे अपनी समस्याएं सीधे दूरभाष के माध्यम से साझा कर सकते हैं और खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

 

 

इसके अलावा, खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही बैडमिंटन कोर्ट की मांग पर भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई और निर्माण एजेंसी को एक माह के भीतर नया कोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। चाँदनी नरेती ने दिल्ली में आयोजित नेशनल ट्रायल में भी रजत पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद खेलो इंडिया नेशनल गेम्स (अंबिकापुर, 28 से 31 मार्च 2026) में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

चाँदनी वर्तमान में शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय, डिंडौरी में बी.एससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। वे ग्राम घेवरी, विकासखंड अमरपुर की निवासी हैं। उनके पिता शिव प्रसाद नरेती और माता सुनीता नरेती हैं। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, संतोषी यादव, क्रीड़ा अधिकारी मो. आमिर खान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, परिजन और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *