डिंडौरी। आगामी जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नागरिकों को अब स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। इससे पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर भदौरिया ने बताया कि नागरिक अब मात्र 15 मिनट में आधिकारिक डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर लॉगिन कर राज्य का चयन करना होगा, इसके बाद पंजीयन कर मोबाइल नंबर का सत्यापन करना अनिवार्य होगा। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार 16 भाषाओं में से किसी एक भाषा का चयन कर OTP के जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि पोर्टल पर कुल 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होते हैं, जिनमें परिवार, आवास, शिक्षा, रोजगार सहित अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल हैं। सभी जानकारी भरने के बाद “प्रिव्यू” विकल्प के माध्यम से डाटा की जांच की जा सकती है और संतुष्ट होने पर अंतिम रूप से “सबमिट” किया जा सकता है। सफल सबमिशन के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक SE ID प्रदान की जाएगी, जो भविष्य में डेटा सत्यापन के लिए उपयोगी होगी।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। इसके लिए आधुनिक बैंकिंग सिस्टम की तरह उच्च स्तरीय साइबर सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जिससे नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित की जा सके। केवल अधिकृत अधिकारियों को ही सीमित रूप से इस डेटा तक पहुंच मिलेगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और समय पर अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना कार्य में सहयोग दें। साथ ही किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों से बचते हुए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाएं और ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में लोगों को इस नई डिजिटल प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें, ताकि जिले में जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।
