Dindori News : विद्यालय में ही मिलेगा आधार अपडेट का लाभ: डिंडौरी में 44 स्कूलों में विशेष शिविर शुरू….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “विद्यार्थियों के लिए आधार अब विद्यालय के द्वार” अभियान का तृतीय चरण 1 अप्रैल से शुरू हो गया है, जो 15 मई 2026 तक संचालित रहेगा। इस अभियान के तहत जिले के चयनित 44 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में आधार पंजीयन एवं अपडेट के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

 

 

यह अभियान सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला शिक्षा केन्द्र डिंडौरी द्वारा राज्य शिक्षा केन्द्र एवं स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के समन्वय में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

 

 

शिविरों में विद्यार्थियों के आधार पंजीकरण के साथ-साथ अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। विशेष रूप से अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट (MBU) पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें छात्रों के फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो का अद्यतन किया जाएगा। नियमों के अनुसार 5 वर्ष की आयु में पहला बायोमैट्रिक अपडेट अनिवार्य है, जबकि 15 से 17 वर्ष के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित मानक शुल्क के साथ अपडेट की सुविधा दी जाएगी।

 

 

इस पहल से न केवल विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक पहचान दस्तावेज उपलब्ध होंगे, बल्कि शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में भी आसानी आएगी। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नजदीकी विद्यालय में आयोजित शिविरों का लाभ अवश्य उठाएं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *