— सीधी कलेक्टर व गुना एसपी हटे, एमपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधी और गुना जिले में बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। सीधी जिला मुख्यालय में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों, जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा और विभिन्न विभागों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जिला कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के मामले में पुलिस अधीक्षक की भूमिका को संतोषजनक न मानते हुए राज्य शासन ने जिला पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
— जारी आदेश के मुताबिक
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अंकित सोनी (भापुसे 2017) को पुलिस अधीक्षक, जिला गुना के पद से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं हितिका वसल (भापुसे 2017) को सेनानी, 15वीं वाहिनी, इंदौर से स्थानांतरित कर गुना जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्वरोचिष सोमवंशी (2012) को कलेक्टर, जिला सीधी के पद से हटाकर अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उनके स्थान पर विकास मिश्रा (2013) को सीधी जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। शासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। देखें आदेश…


