— शिक्षकों को राहत के संकेत, TET पर सुप्रीम कोर्ट जाएगी मध्यप्रदेश सरकार
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शासकीय शिक्षक संगठन रीवा जिले के जिला अध्यक्ष चंद्रोदय प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मुलाकात कर टीईटी (TET) परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टीईटी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से पुनः विचार याचिका (रिव्यू पिटीशन) दायर की जाए, जिससे प्रभावित शिक्षकों को राहत मिल सके। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी समस्याएं और चिंताएं विस्तार से रखीं।
उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षकों के पक्ष में है और जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिक्षक को घबराने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस मुलाकात के बाद शिक्षक संगठन में संतोष का माहौल देखा गया और शिक्षकों को सरकार से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
