डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पंकज जैन, एसडीएम भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, प्रियांशी जैन, अक्षय डिगरसे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 19 मार्च 2026 को नर्मदा घाट पर सूर्य उपासना दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ करते हुए नर्मदा नदी की साफ-सफाई भी की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए अपर कलेक्टर को नोडल अधिकारी और जनपद पंचायत डिंडौरी व नगर परिषद को सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को सख्त निर्देश दिए कि विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकें समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए गए कि पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर भर्ती किया जाए और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी तय की गईं। इसके तहत 20 अप्रैल को करंजिया-बजाग, 28 अप्रैल को डिंडौरी, 7 मई को शहपुरा तथा 14 मई को अमरपुर-समनापुर में कार्यक्रम आयोजित होंगे। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में जल संरक्षण और जल संचयन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इन कार्यक्रमों में आमंत्रित कर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। दिव्यांगजनों के लिए आयोजित शिविरों में आधार कार्ड, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, दिव्यांग प्रमाण पत्र और पेंशन से जुड़ी कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर बच्चों की जांच की जाए और आवश्यक टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।।इसके अलावा कलेक्टर ने नदी-नालों और स्टॉप डेम में पानी रोकने के लिए लगाए गए गेटों की व्यवस्था की समीक्षा की और आम जनता से अपील की कि यदि कहीं गेट खुले हों तो इसकी जानकारी प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, नगरीय निर्माण कार्यों की प्रगति तथा राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलदारों और एसडीएम को बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम, राजस्व वसूली और फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।




