— मंडला से डिंडौरी आ रही थी शराब की खेप, पुलिस ने कार समेत किया बड़ा खुलासा
डिंडौरी। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा के निर्देश तथा एसडीओपी सतीष द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 15 और 16 मार्च 2026 की मध्य रात्रि को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंडला की ओर से एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक एमपी 20 जेडसी 7868) में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर डिंडौरी की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतवाली ने अपनी टीम के साथ गैस गोदाम के पास स्टॉपर लगाकर नाकाबंदी की। इसी दौरान तेज गति से आती कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक स्टॉपर को टक्कर मारते हुए वाहन लेकर अमरकंटक रोड की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने ग्राम कूड़ा के पास गोमती नदी पुल से पहले भर्रा में गाड़ी छिपा दी।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी संजय अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी शारदा विहार कटंगी रोड करमेता थाना माढोताल, जिला जबलपुर को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की वैगनआर कार (कीमत करीब 8 लाख रुपये) और 15 पेटी अंग्रेजी शराब (करीब 130 लीटर 320 एमएल) जब्त की, जिसकी कीमत 1,04,320 रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 9,04,320 रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से अवैध शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
— कार्रवाई में प्रमुख भूमिका
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, उपनिरीक्षक भिपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक केशलाल मरावी, अखिलेश श्रीवास, प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला, देवेंद्र पटले, भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक श्याम तिवारी, सतेंद्र डहरिया, हेमंत झारिया, विशाल पटेल, विनोद माहोर, कैलाश द्विवेदी एवं मनोज कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




