— फेसबुक कमेंट से फंसे शिक्षक! केंद्रीय मंत्री और सांसद पर टिप्पणी के बाद शिक्षा विभाग सख्त
मध्यप्रदेश के विदिशा में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी अब एक शिक्षक के लिए मुसीबत बन गई है। फेसबुक पोस्ट पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में जिले के एक प्राथमिक शिक्षक को जिला शिक्षा अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
— जारी नोटिस के मुताबिक
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी विदिशा से जारी नोटिस के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला जमनिया में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक गोविन्द सिंह कुशवाह पर आरोप है कि उन्होंने फेसबुक पर साझा की गई एक पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री और सांसद शिवराज सिंह चौहान के संबंध में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
बताया गया है कि गंजबासौदा निवासी गगन दुबे द्वारा फेसबुक पर केंद्रीय मंत्री और सांसद के भाषण से संबंधित पोस्ट साझा की गई थी। इसी पोस्ट पर शिक्षक द्वारा की गई टिप्पणी को अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक माना गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी. सिंह जाटव ने नोटिस में कहा है कि शिक्षक का यह कृत्य सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम (i), (ii) और (iii) के विरुद्ध है और इसे गंभीर कदाचार की श्रेणी में रखा गया है।
नोटिस में शिक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे 12 मार्च 2026 को शाम 4 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय विदिशा में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। देखें विभाग द्वारा जारी नोटिस…

