Board Exam Update : CCTV निगरानी में खुली पोल, परीक्षा कक्ष में नकल जैसी हरकत पर शिक्षक सस्पेंड, क्या है पूरा मामला….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

बोर्ड परीक्षा में ताक-झांक और बातचीत, जिला शिक्षा अधिकारी की सख्त कार्रवाई

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 के तहत सोमवार को कक्षा 10वीं सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी, मुरैना द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्र क्रमांक 112282, अशासकीय श्रीराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खजूरी रोड अम्बाह में ड्यूटी पर तैनात एक पर्यवेक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जारी आदेश में बताया गया है कि मंडल एवं जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम में सीसीटीवी ऑनलाइन वेबकास्टिंग के माध्यम से की जा रही निगरानी तथा जिला स्तरीय निरीक्षण दल के निरीक्षण के दौरान कक्ष क्रमांक 08 में परीक्षार्थियों को एक-दूसरे की उत्तरपुस्तिका में ताक-झांक करते और आपस में बातचीत करते हुए पाया गया। उस समय कक्ष में पर्यवेक्षण कार्य की जिम्मेदारी रनवीर सिंह यादव, प्राथमिक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक विद्यालय किसरौली, अम्बाह के पास थी।

जांच में यह पाया गया कि पर्यवेक्षण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता प्रभावित हुई। आदेश में उल्लेख है कि उक्त कृत्य “मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1966” तथा “परीक्षा अनियम 1937” के प्रावधानों के विरुद्ध एवं दंडनीय है और प्रथम दृष्टया कदाचार की श्रेणी में आता है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अम्बाह नियत किया गया है और बिना सक्षम अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। देखें आदेश…

सोर्स: जिला शिक्षा अधिकारी, मुरैना।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *