— भूमि-पूजन बिना सूचना? कलेक्टर ने जताई कड़ी नाराजगी
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में निर्माणाधीन सीएम राइज विद्यालय, महाविद्यालय भवन, धरती आबा अभियान और जन-मन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शैक्षणिक और छात्रावास भवनों का समय पर पूरा होना विद्यार्थियों के हित में अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में यह भी सामने आया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा कुछ निर्माण कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना दिए बिना आयोजित किए गए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी निर्माण कार्य का भूमि-पूजन अथवा लोकार्पण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और पूर्व सूचना के बिना न किया जाए। साथ ही इस लापरवाही के संबंध में आयुक्त, भोपाल को पत्र प्रेषित करने के आदेश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जनजातीय अंचल में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री, पीआईयू से इंजीनियर पारस सिंह, और एसडीओ धीरेन्द्र बेलिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
