डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। शहपुरा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की निर्मम हत्या कर दी, वहीं उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ गंभीर आपराधिक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात आरोपी घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों को जब अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घर के अंदर महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया हत्या से पहले संघर्ष होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के समय घर में मौजूद 14 वर्षीय नाबालिग बेटी गंभीर अवस्था में मिली। उसे तत्काल शहपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है और वे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
नोट:— (आगे की जानकारी मिलने पर समाचार अपडेट किया जाएगा।)
