Breking News : डिंडौरी में तेज़ रफ़्तार का कहर ! दो बाइकों में आमने-सामने से भिड़ंत,चार घायल, दो की हालत गंभीर…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर टोला गांव का मामला 

डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर टोला गांव के पास जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर बुधवार को तेज रफ़्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर टोला गांव के समीप नेशनल हाईवे पर तेज गति से चल रही दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान संयोगवश वहां से गुजर रहे बजाग एसडीएम रामबाबू देवांगन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपना वाहन रोक दिया। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों को अपने शासकीय वाहन से अस्पताल भिजवाया, जिससे उन्हें समय पर प्राथमिक उपचार मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि घायलों को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। एसडीएम देवांगन की तत्परता की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

 

वहीं पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ़्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। गौरतलब है कि जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर आए दिन तेज रफ़्तार और नियमों की अनदेखी के कारण सड़क हादसे हो रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और वाहन चालकों दोनों के लिए चेतावनी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *